1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 21, 2026, 5:08:28 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो AI
Bihar Crime News: पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक कथित फर्जीवाड़ा करने वाले दंपती को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दंपती ने अधिक मुनाफे का लालच देकर बिहार पुलिस के जवानों और उनके परिजनों समेत कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की। अब तक करीब 27 पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों से लगभग 6 करोड़ रुपये ठगे जाने की बात सामने आई है।
पुलिस का मानना है कि पीड़ितों की संख्या और ठगी की रकम अभी और बढ़ सकती है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोहानीपुर, कदमकुआं निवासी आशुतोष कुमार सिंह और उसकी पत्नी रितु कुमारी के रूप में हुई है। आशुतोष ने डुमरांव कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर "करोली फाइनेंस" नाम से कार्यालय खोल रखा था।
इसी के माध्यम से लोगों को निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा दिया जाता था। गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद कई पीड़ित शिकायत लेकर सामने आ रहे हैं। कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि ठगी के मामले में केस दर्ज कर आरोपी दंपती को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस को लगातार नए आवेदन मिल रहे हैं और सभी शिकायतों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ठगी की कुल रकम और पीड़ितों की वास्तविक संख्या का खुलासा हो सकेगा।
पटना से सूरज कुमार की रिपोर्ट..