Hindi News / crime / घर में घुसकर पेड़ा खाया, पानी पिया फिर जेवर और रुपये कर दिये...

घर में घुसकर पेड़ा खाया, पानी पिया फिर जेवर और रुपये कर दिये साफ, पटना में चोरों का आतंक

पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में चोरों ने सरकारी शिक्षक के घर में घुसकर करीब दो लाख रुपये की चोरी कर ली। वारदात के दौरान चोर ने घर में पेड़ा खाया, पानी पिया और परिवार के जागने पर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 25, 2026, 3:34:10 PM

बिहार न्यूज

अपराधियों का तांडव जारी - फ़ोटो सोशल मीडिया

PATNA: बिहार में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है, इन्हें देखकर ऐसा लगता है कि इनके अंदर पुलिस का खौफ समाप्त हो गया है। यही कारण है कि अपराधी एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को बेखौफ होकर अंजाम दे रहे हैं और पुलिस को चुनौती देने का काम कर रहे हैं। ताजा मामला राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र का है, जहां अपराधियों ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। 


घटना पूर्वी लोहानीपुर के भूषण गली की है, जहां छोटू जी के मकान में रहने वाले किरायेदार विरेन्द्र कुमार सिंह के घर में घुसकर बदमाशों ने करीब दो लाख की चोरी कर ली। पीड़िता पूनम कुमारी ने बताया कि एक सैमसंग मोबाइल, 15 से 20 हजार रुपये कैश से भरा गुल्लक, 10 ग्राम का सोने का झुमका चोरी हो गयी है। पूनम कुमारी और उनके पति विरेन्द्र कुमार सिंह पेशे से सरकारी टीचर हैं। जो जहानाबाद के ओकरी थाना क्षेत्र के मईमा गांव के रहने वाले हैं। 


पटना में लोहानीपुर में पिछले कई वर्षों से वो रह रहे हैं। घटना सोमवार 25 मई 2026 की देर रात साढ़े बारह बजे की है, जब घर के सभी सदस्य सोये हुए थे, तभी बालकनी से कमरे में चोर घुस गया और इस बात की जानकारी किसी को भी नहीं थी। चोर ने फ्रीज से पेड़ा निकालकर खाया और बोतल निकालकर पानी भी पिया। उसके बाद घर के कमरे के बाहर शौच भी किया। उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम देने लगा। 


दो लाख का सामान अपने पास रख चुका था, जब वह एक बैग निकालने लगा तभी हलचल होने पर पूनम कुमारी के पति विरेन्द्र कुमार की नींद खुल गयी जब उन्होंने पूछा कि कौन है? तब चोर एक मंजिला मकान से कूद गया और वहां से करीब दो लाख समान लेकर भाग निकला। जिसके बाद पीड़िता ने डायल 112 को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची कदमकुआं थाना पुलिस ने पूरी घटना की जानकारी ली। पीड़िता पूनम कुमारी ने चोरी के संबंध में कदमकुआं थाने को लिखित शिकायत दर्ज करायी है और कार्रवाई की मांग की है। 



गौरतलब है कि इससे पहले भी चोरों ने केन्द्रीय विद्यालय की शिक्षिका डॉ. रीमा गुप्ता के सरकारी आवास में 15 मई 2026 को भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में कंकड़बाग के पत्रकार नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराया गया था। उत्तर प्रदेश के वाराणसी की रहने वाली कंकड़बाग केन्द्रीय विद्यालय आवासीय परिसर में क्वार्टर नंबर एफ वन में रहने वाली रीमा गुप्ता ने पत्रकार नगर थाने को आवेदन दिया था उसमें इस बात का जिक्र था कि वो निजी काम से बाहर गई हुई थी।


 जब15 मई की सुबह साढ़े पांच बजे घर लौटी तो देखा कि गेट का कब्जा उखड़ा हुआ था। घर में रखा सारा गहना और 20 हजार कैश चोरी हो गयी थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक डायमंड ब्रेसलेट, एक सोने की चेन, एक सोने की हार, एक झुमका, 2 पेन्डेंट सेट (1+2), 3 छोटे कान के टॉप्स, 1 बड़ा कान का टॉप्स, 1 अंगूठी, 2 पैंडेंट लॉकेट, 1 चांदी का कमरबंद, 1 पैजेब बड़ा पायल, 3 पायल और 2 चांदी का सिक्का चोरी हो गयी। पीड़िता का कहना है कि करीब 25 लाख की चोरी हुई है। उनका यह भी कहना है कि घटना के 10 दिन हो गये हैं लेकिन अभी तक ना तो चोर पकड़े गये हैं और ना ही चोरी हुआ सामान ही बरामद किया गया है। पीड़िता ने बताया कि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।