1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 25, 2026, 5:06:08 PM
दो अपराधी फरार - फ़ोटो रिपोर्टर
PATNA: पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में सोमवार को बड़ी लूट की वारदात टल गई। वैशाली सिनेमा गोलंबर के पास बैंक और एटीएम में रुपये जमा करने जा रही कैश वैन को लूटने पहुंचे तीन हथियारबंद अपराधियों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने कैश वैन को निशाना बनाकर उसमें रखे लाखों रुपये लूटने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के कारण अपराधी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। घटना के दौरान पुलिस को देखते ही दो अपराधी मौके से भाग निकला, जबकि एक अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार अपराधी की तलाश में छापेमारी जारी है।
बताया जा रहा है कि कैश वैन बैंक और एटीएम में नकदी जमा करने जा रही थी। समय रहते पुलिस के पहुंच जाने से बड़ी लूट की घटना टल गई और कैश वैन में रखी लाखों रुपये की राशि सुरक्षित बचा ली गई। कदमकुआं थाने के थानाध्यक्ष ने बताया कि आम पब्लिक और पुलिस की सहयोग से पटना में लूट की बड़ी वारदात होते-होते बच गयी।
कैश वैन लूटकांड से पहले ही अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। दो अपराधी ऑटो से आए थे, जबकि तीसरा अपराधी बाइक से आया था, जो दूर खड़ा था और ईशारा मिलने का इंतजार कर रहा था। लेकिन जैसे ही वहां पुलिस पहुंची वो मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पटना से सूरज की रिपोर्ट