1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 05, 2026, 3:25:26 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र स्थित बैरिया बस स्टैंड के पास एक होटल के कमरे से मंगलवार की सुबह जहानाबाद निवासी 30 वर्षीय संतोष शर्मा का शव बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में युवक की महिला मित्र को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान जहानाबाद के शकूराबाद निवासी संतोष शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अक्सर इस होटल में ठहरता था और हर बार अलग-अलग महिला मित्र उसके साथ रहती थी। इस बार भी वह कोलकाता में रहने वाली अपनी महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था।
महिला मित्र के अनुसार, रात तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन सुबह अचानक संतोष की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। काफी प्रयास के बावजूद वह होश में नहीं आया। इसके बाद उसने सुबह करीब 4 बजे होटल प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान कमरे से यौन शक्ति बढ़ाने वाली दवाएं बरामद हुई हैं। हालांकि, मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
पुलिस ने महिला मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही होटल रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह सामान्य मौत है या किसी अन्य कारण से हुई घटना।
रिपोर्ट- सूरज कुमार, पटना