Patna Crime News: राजधानी पटना के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगाली टोला में गुरुवार की सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक बुजुर्ग व्यक्ति की गला काटकर हत्या कर दी गई। मौके पर हड़कंप मच गया और आस-पास के लोग दहशत में हैं।
मृतक की पहचान मोहम्मद रहिस के रूप में हुई है, जो पेशे से दर्जी का काम करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह जब आसपास के लोग पहुंचे तो उन्होंने बुजुर्ग व्यक्ति को खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए चौक थाना की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और पूरे क्षेत्र को सील कर लिया। इसके साथ ही FSL टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से सबूत जुटाने में लगी है। चौक थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक मोहम्मद रहिस वर्षों से इसी इलाके में दर्जी का काम करते थे और उनकी किसी से खास दुश्मनी नहीं थी। हत्या के पीछे क्या वजह है इस पर पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना किसने और क्यों की, इसका खुलासा सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद होने की उम्मीद है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बुजुर्ग शख्स पर हमला करते दिख रहा है। पुलिस युवक की पहचान में जुट गई है।





