Hindi News / crime / पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद: दो दिन में मर्डर की दो वारदातों...

पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद: दो दिन में मर्डर की दो वारदातों से सनसनी, बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या

Bihar Crime News: पटना के दीदारगंज में दो दिनों के भीतर दूसरी हत्या से सनसनी फैल गई है। 60 वर्षीय रामप्रवेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि इससे पहले भी इलाके में एक युवक की हत्या हो चुकी है। पुलिस जांच में जुटी है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 09, 2026, 3:05:38 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Google

Bihar Crime News: पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। दो दिनों के भीतर दूसरी हत्या की वारदात सामने आई है, जहां शनिवार सुबह 60 वर्षीय रामप्रवेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इससे पहले भी क्षेत्र में एक युवक की हत्या हो चुकी थी, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है।


यह घटना सोनवा गांव की है, जहां अज्ञात अपराधियों ने रामप्रवेश सिंह को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक पेशे से भाड़े की गाड़ी चलाने का काम करते थे। घटना की सूचना मिलते ही फतुहा एसडीपीओ अवधेश कुमार और थानाध्यक्ष सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। 


शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। साथ ही  FSL की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि मृतक को कितनी गोलियां मारी गई थीं। पुलिस ने बताया कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मृतक की पारिवारिक और सामाजिक पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है।


गौरतलब है कि इससे दो दिन पहले दीदारगंज थाना क्षेत्र के कोठिया गांव में चार दोस्तों ने मिलकर अपने साथी हर्ष कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले की जांच अभी चल ही रही थी कि दूसरी हत्या ने पुलिस की चिंता और बढ़ा दी है। लगातार हो रही हत्याओं से दीदारगंज और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।