Patna Crime News: पटना के दानापुर में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज घटना घटी, जिसमें पीएमसीएच की हेड नर्स चांदनी कुमारी की उनके पति सोनू कुमार सिंह ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के पीछे घरेलू विवाद, पैसों का तनाव और होली पर ससुराल जाने को लेकर तकरार बताई जा रही है।
आरोपी ने खुद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सोनू कुमार सिंह को हिरासत में ले लिया। घटना दानापुर थाना क्षेत्र के पूर्वी गोला रोड स्थित घर में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि शुक्रवार शाम आरोपी ने पत्नी से होली पर छपरा जाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस हुई जो मारपीट में बदल गई। सोनू ने चांदनी को जोरदार थप्पड़ मारा, जिससे उनके कान से खून बहने लगा। इसके बाद गला दबाने और सीने पर वार करने की बात भी सामने आई। कुछ ही देर में चांदनी की मौत हो गई।
मृतका की बहन ब्यूटी कुमारी ने आरोप लगाया कि सोनू ऑनलाइन गेम में करीब चार लाख रुपये हार चुका था, जो चांदनी ने ही उसे दिए थे। साथ ही चांदनी ने हाल ही में खरीदी गई जमीन भी सोनू को दिखाई थी। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष अक्सर पैसों के लिए दबाव बनाता था।
मृतका के बहनोई कृष्णा सिंह ने बताया कि रात करीब दो बजे सोनू ने खुद फोन कर हत्या की जानकारी दी। परिजन जब घर पहुंचे तो पुलिस पहले से ही मौजूद थी। कमरे में चांदनी का शव खून से लथपथ पड़ा था। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




