Hindi News / crime / बीजेपी चीफ नितिन नबीन के सुरक्षाकर्मी से साइबर ठगी, दिल्ली पुलिस ने पटना...

बीजेपी चीफ नितिन नबीन के सुरक्षाकर्मी से साइबर ठगी, दिल्ली पुलिस ने पटना से पिता-पुत्र को दबोचा

Patna cyber fraud: पटना में भाजपा नेता नितिन नवीन के सुरक्षाकर्मी से एक लाख की साइबर ठगी करने वाले पिता-पुत्र को एसटीएफ और दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली भेजा गया है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 18, 2026, 10:56:04 AM

Patna cyber fraud

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Patna cyber fraud: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सुरक्षाकर्मी से साइबर ठगी करने वाले पिता-पुत्र को पटना से गिरफ्तार कर लिया गया। एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपितों को जक्कनपुर थाना क्षेत्र के करबिगहिया इलाके से पकड़ा गया।


गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनेर के मोहरी बगीचा निवासी अरविंद भारती और उनके बेटे शनि कुमार के रूप में हुई है। दोनों ने गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर सुरक्षाकर्मी से करीब एक लाख रुपये की ठगी की थी। इसके अलावा आरोप है कि दोनों अन्य राज्यों के लोगों से भी लाखों रुपये की साइबर ठगी कर चुके हैं।


जानकारी के अनुसार, यह मामला फरवरी महीने का है, जब नितिन नवीन के सुरक्षाकर्मी ने ऑनलाइन सामान मंगाया था। सामान खराब होने पर उसने रिफंड के लिए गूगल पर कस्टमर केयर नंबर खोजा, जो साइबर ठगों का निकला। आरोपितों ने खुद को कंपनी प्रतिनिधि बताकर उसे झांसे में लिया और बैंक खाते में एक लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।


ठगी का एहसास होने पर सुरक्षाकर्मी ने दिल्ली के साइबर पुलिस स्टेशन सेंट्रल में एफआईआर दर्ज कराई। तकनीकी जांच के बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी बिहार के पटना जिले के मनेर इलाके के रहने वाले हैं। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम 13 मई को मनेर पहुंची, लेकिन जांच में पता चला कि आरोपी अपना घर बेचकर वहां से फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों से मिले इनपुट और पुराने मोबाइल नंबर के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।


बिहार एसटीएफ और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर दोनों आरोपियों को पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। बाद में उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाया गया, जहां अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।