Patna Crime News: बिहार में वोटिंग खत्म होने के बाद अपराध के मामले सामने आने लगे हैं। शुक्रवार को मतगणना होनी है इससे पहले राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल से हत्या की सामने आई है। यहां एक दोस्त ने ही अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
दरअसल, बिहार में विधानसभा चुनाव के दौरान पुलिस की सख्ती के कारण अपराध की घटनाओं पर अंकुश लग गया था। तमाम चौक चौराहों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती ने अपराधियों के मन में खौफ पैदा कर दिया था लेकिन जैसे ही वोटिंग खत्म हुई और अर्धसैनिक बलों की वापसी हुई, बिहार में एक बार फिर से अपराध की घटनाएं बढ़ने लगी हैं।
ताजा घटना पटना के बाढ़ में हुई है, जहां बाढ़ थाना क्षेत्र के राणा बीघा गांव में मोनू नाम के युवक को उसके दोस्त बंटी ने गोली मार दी। छठ घाट के पास खून से लथपथ बंटी के मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने अनुमंडल अस्पताल बाढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बाढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन की है। घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है और हत्यारे को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी युवक ने हाल ही में अपनी मां की भी गला दबाकर हत्या कर दी थी लेकिन गांव के लोगों ने उसे बचा लिया था। हालांकि वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था और गांव में गोलीबारी कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। इसी बीच मोनू को अपने साथ ले गया और छठ घाट के पास उसे गोली मार दी।
रिपोर्ट- कुंदन किशोर, बाढ़, पटना





