1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 13, 2026, 5:40:50 PM
- फ़ोटो रिपोर्टर
PATNA: बिहार में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है, यही कारण है कि अपराधी एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को बेखौफ होकर अंजाम दे रहे हैं। ऐसा लगता है कि अपराधियों में सम्राट चौधरी की पुलिस का भी डर खत्म हो गया है। इस बार पटना के सम्पतचक में बदमाशों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। इस वक्त की बड़ी खबर पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के जोलविगहा से आ रही है, जहां तीन बाईक सवार 5 हथियारबंद अपराधियों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।
दिनदहाड़े सीएमएस कैश वैन से अपराधियों ने 27 लाख रुपया लूट लिया और मौके से हथियार लहराते फरार हो गये। इस दौरान बदमाशों ने सीएमएस कंपनी की गाड़ी में बैठे गनमैन सत्येन्द्र सिंह से उनका हथियार छीन लिया। गाड़ी के अंदर रखा बक्शा उठाकर ले गये जिसमें 27 लाख रुपये रखा हुआ था। बदमाशों ने हथियार के बल पर इस बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। गनमैन सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि सीएमएस कंपनी की कैश वैन में 27 लाख की लूट हुई है।
संपतचक स्थित बिग बाजार से पैसा लेकर आ रहे थे। कैश वैन में कस्टोडियन, ड्राइवर और खुद मैं (गनमैंन) यानि कुल तीन लोग सवार थे। जब कैश वैन जोलविगहा से गुजर रहा था तब बीच रास्ते में 5 अपराधी बाइक लगाकर खड़े थे, जब हमने रास्ते से हटने को कहा तो कैश वैन को चारों तरफ से घेर लिया और सबसे पहले मेरे राइफल को छीन कर खेत में फेंक दिया और हथियार के बल पर कैश वैन में रखे बक्शे को निकाल लिया जिसमें 27 लाख रुपये रखे हुए थे।
पांचों अपराधियों ने दस मिनट के भीतर सारा कैश लूट लिया और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गये। कैश वैन के ड्राइवर और गनमैन से जब पूछा गया कि इतनी बड़ी रकम लेकर जा रहे थे, क्या आपने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। तब दोनों ने कहा कि यह काम कस्टोडियन का है। दो साल में कभी ऐसी घटना नहीं घटी थी। इसलिए पुलिस को सूचना नहीं दी गयी। लेकिन घटना के बाद तुरंत डायल 112 पर फोन कर इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।








पटना से सूरज कुमार की रिपोर्ट