1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 21, 2026, 3:57:04 PM
- फ़ोटो Google
Patna Crime News: पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के सदीसोपुर गांव में एक नवनिर्मित मकान से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान गोनवा गांव निवासी मो. पप्पू अंसारी के 22 वर्षीय बेटे मो. चांद के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
परिजनों के अनुसार, मो. चांद शनिवार शाम अपनी बाइक से घर से निकला था। बताया गया कि वह अपने दोस्तों के बुलाने पर गया था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा था।
रविवार सुबह पुलिस से सूचना मिली कि सदीसोपुर गांव के एक नवनिर्मित मकान में युवक का शव मिला है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि चांद का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। घटनास्थल से मृतक की बाइक गायब मिली है, जबकि उसका बंद मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
मृतक के पिता अकबर अंसारी ने आशंका जताई है कि उनके बेटे की हत्या उसके दोस्तों ने ही की है। उनका कहना है कि उसे घर से बुलाकर ले जाया गया था और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया है।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाया जा रहा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। FSL रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।