1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 21, 2026, 6:16:11 PM
- फ़ोटो Reporter
Patna Crime News: पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन कुंदी ऑटो स्टैंड में रविवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई। इस गोलीबारी में दो लोगों को गोली लगी, जबकि मारपीट में दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घायलों में बासोबागी गांव निवासी 25 वर्षीय पुरुषोत्तम कुमार, पिता रामप्रवेश गोप, तथा बेढ़ना पूर्वी पंचायत के मुखिया के 15 वर्षीय पुत्र साहिल कुमार शामिल हैं। बताया जा रहा है कि साहिल कुमार के सीने में गोली लगी है। दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर यह विवाद अचानक हिंसक हो गया और देखते ही देखते दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। गोलीबारी के दौरान पिस्टल के बट से मारपीट भी की गई, जिसमें दो अन्य लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के पीछे पुरानी चुनावी रंजिश हो सकती है। वहीं कुछ लोगों का दावा है कि स्टेशन क्षेत्र में कथित रूप से चल रहे अवैध गेसिंग और जुआ कारोबार को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव था। चर्चा है कि एक पक्ष ताश के जरिए जुआ खिलाने का काम करता था, जिसका दूसरे पक्ष द्वारा विरोध किया जा रहा था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच दो दिन पहले भी मारपीट की घटना हुई थी। माना जा रहा है कि रविवार की गोलीबारी उसी विवाद की अगली कड़ी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बाढ़ से कुंदन किशोर की रिपोर्ट..