1st Bihar Published by: Viveka Nand Updated Jul 03, 2026, 6:43:27 PM
- फ़ोटो Google
Bihar Police: बिहार सरकार ने हाल ही में सूबे के 5 संवेदनशील जिलों में पुलिस अधीक्षण (ग्रामीण) का पद सृजित किया है. ये जिले हैं पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर,मधुबनी, वैशाली और सिवान. इन जिलों में एसपी के एक से अधिक पद सृजित होने की वजह से हितों का टकराव होने की संभावना है. ऐसे में गृह विभाग ने समय से पहले ही क्षेत्राधिकार का निर्धारण कर दिया है,ताकि समस्या न हो.
गृह विभाग द्वारा 2 जुलाई को जारी संकल्प में कहा गया है कि, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मोतिहारी के जिम्मे अनुमंडल पदाधिकारी सिकरहना, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पकडीदयाल और एसडीपीओ रक्सौल क्षेत्र के आने वाले सभी थाने होंगे. वहीं एसपी (ग्रामीण) समस्तीपुर के जिम्मे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोसड़ा, दलसिंहसराय और पटोरी एसडीपीओ के सभी थाने होंगे.
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुबनी के जिम्मे एसडीपीओ झंझारपुर, बेनीपट्टी, जयनगर और फुलपरास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी का थाना क्षेत्र होगा. पुलिस अधीक्षक वैशाली (ग्रामीण) के जिम्मे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महुआ, एसडीपीओ महनार और लालगंज अंचल के थाना क्षेत्र होंगे. जबकि पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सिवान के जिम्मे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज और मैरवा एवं आंदर अंचल के सभी थाना होंगे.
गृह विभाग के संकल्प में कहा गया है कि, पुलिस अनुमंडल अरेराज एवं पुलिस अनुमंडल चकिया के अंर्तगत दर्ज केसों का सुपरविजन पूर्व की तरह वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वीचंपारण (मोतिहारी) के द्वारा किया जायेगा. पांच जिलों में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति के बाद पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर,मधुबनी, वैशाली और सिवान के एसपी वरीय पुलिस अधीक्षक के रूप में होंगे.