Bihar News: पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में हुई 50 लाख रुपये के मोटर, पंखा और तार की बड़ी लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।
इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड सुगौली के सुगांव का निवासी नितेश ठाकुर निकला है, जो रुद्र सेना के नाम से एक संगठन का संचालन करता था। पुलिस की जांच में नितेश ठाकुर के साथ उसके गांव के तीन अन्य सहयोगियों के नाम भी उजागर हुए हैं, जो इस आपराधिक साजिश में सक्रिय रूप से शामिल थे।
मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के कड़े निर्देश पर स्थानीय पुलिस और पटना पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया, जिसके तहत सुगौली माई स्थान क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान पप्पू सर्राफ के घर से लूटा गया भारी मात्रा में सामान बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने मौके से पप्पू सर्राफ के बेटे को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस मामले में सुगौली थाना क्षेत्र के नितेश ठाकुर और पप्पू सर्राफ समेत गिरोह के कई अन्य रसूखदार चेहरों की संलिप्तता सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।


