Hindi News / crime / 5 रुपये के पुराने नोट के नाम पर साइबर ठगी, 37 लाख का...

5 रुपये के पुराने नोट के नाम पर साइबर ठगी, 37 लाख का लालच देकर 11.70 लाख की धोखाधड़ी

छत्तीसगढ़ में पुराने नोट के बदले लाखों रुपये देने का लालच देकर एक व्यक्ति से 11.70 लाख की साइबर ठगी की गई। पुलिस ने हरियाणा से मास्टरमाइंड आरोपी को गिरफ्तार किया है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 18, 2026, 10:48:05 PM

छत्तीसगढ न्यूज

साइबर ठगों से सावधान - फ़ोटो सोशल मीडिया

DESK: देशभर में लोग साइबर ठगों से परेशान हैं। तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर ठग लोगों को चूना लगाने का काम कर रहे हैं। इस बार 5 रुपये का नोट बदलने के नाम पर एक युवक से करीब 12 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।  


छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 5 रुपये के पुराने नोट के बदले 37 लाख रुपये मिलने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 11.70 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पद्मावतीपुर निवासी प्रार्थी नेताराम देवांगन (39 वर्ष) को व्हाट्सएप पर एक संदेश मिला था, जिसमें पुराने सिक्कों और नोटों के बदले बड़ी रकम देने का लालच दिया गया था। जब उन्होंने 5 रुपये के पुराने नोट की तस्वीर भेजी, तो ठगों ने इसके बदले 37,94,000 रुपये देने का वादा किया।


इस भारी रकम के लालच में आकर प्रार्थी ठगों के जाल में फंस गया। आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस, कस्टम क्लियरेंस और अन्य चार्ज के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए। इसके अलावा पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर भी पीड़ित से कुल 11,70,000 रुपये की वसूली कर ली गई। मामले की शिकायत के बाद छुईखदान पुलिस और साइबर सेल ने जांच शुरू की। तकनीकी जांच में सामने आया कि इस ठगी में लगभग 20 बैंक खातों और 30 से 40 फर्जी सिम कार्डों का इस्तेमाल किया गया था।


जांच के आधार पर पुलिस टीम हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिर (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्राम डूंगेजा, थाना पिंगवा, जिला नूंह (हरियाणा) का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास से 9 मोबाइल फोन, 2 एटीएम कार्ड और 4000 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।


इस मामले में थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाकर 17 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।