1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 24, 2026, 8:30:32 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: भागलपुर के नवगछिया जिले के रंगरा थाना क्षेत्र के सधुवा गांव में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने भाई-भाई के रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। मात्र डेढ़ बीघा जमीन के विवाद में छोटे भाई ने अपनी पत्नी और साले के साथ मिलकर बड़े भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने के लिए घर की पानी की टंकी में डाल दिया गया।
मृतक की पहचान फुलेश्वर सिंह के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ में राजमिस्त्री का काम करता था। वह अपनी घायल मां का हालचाल जानने के लिए गांव आया था। यह वारदात बुधवार रात को अंजाम दी गई। आरोप है कि छोटे भाई रुदल सिंह ने योजना बनाकर पहले घर की बिजली काट दी, ताकि अंधेरे का फायदा उठाया जा सके।
इसके बाद उसने अपनी पत्नी अंजू देवी और साले शत्रुघ्न सिंह के साथ मिलकर फुलेश्वर सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद तीनों ने शव को छत पर रखी पानी की टंकी में छिपा दिया। गुरुवार शाम जब टंकी से तेज दुर्गंध आने लगी तो परिजनों को शक हुआ।
टंकी खोलने पर अंदर से फुलेश्वर का शव मिला, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश और रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मां ने संपत्ति के बंटवारे में रुदल सिंह को डेढ़ बीघा जमीन दी थी, जिसे उसने पहले ही बेच दिया था। इसके बाद उसकी नजर बड़े भाई के हिस्से की जमीन पर थी, जिसे हड़पने के लिए उसने इस जघन्य हत्या की साजिश रची।