Hindi News / crime / नालंदा में NEET सॉल्वर गैंग का पर्दाफास, MBBS छात्र समेत तीन अरेस्ट, मास्टरमाइंड...

नालंदा में NEET सॉल्वर गैंग का पर्दाफास, MBBS छात्र समेत तीन अरेस्ट, मास्टरमाइंड राजा बाबू की तलाश तेज

Bihar Crime News: नालंदा में NEET परीक्षा में सॉल्वर बैठाने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने इस मामले में MBBS छात्र समेत तीन शातिर को गिरफ्तार किया है. नकदी और लग्जरी गाड़ियां जब्त की गई हैं.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 04, 2026, 2:53:26 PM

नालंदा में NEET सॉल्वर गैंग का पर्दाफास, MBBS छात्र समेत तीन अरेस्ट, मास्टरमाइंड राजा बाबू की तलाश तेज

- फ़ोटो Google

Bihar Crime News: नालंदा पुलिस ने नीट परीक्षा में सॉल्वर बैठाने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एमबीबीएस के एक छात्र सहित तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 2.95 लाख रुपये नकद और दो लग्जरी गाड़ियां जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई 3 मई को आयोजित नीट परीक्षा के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष ‘रोको-टोको’ और वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।


राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह के अनुसार, 2 मई की रात करीब 1:45 बजे पावापुरी मोड़ के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहन पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों गाड़ियों को पकड़ लिया। स्कॉर्पियो चला रहे मुजफ्फरपुर निवासी अवधेश कुमार, जो विम्स कॉलेज में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष का छात्र है, की तलाशी में डैशबोर्ड के नीचे से 2 लाख 95 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। साथ ही तीन मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो व ब्रेजा जैसी लग्जरी गाड़ियां जब्त की गईं।


शुरुआती पूछताछ में आरोपी पैसे के बारे में स्पष्ट जवाब नहीं दे सके, लेकिन मोबाइल की जांच में बड़ा खुलासा हुआ। फोन में नीट, एईओ और बीएसएनएल सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के एडमिट कार्ड, अभ्यर्थियों से चैट और लेन-देन के सबूत मिले।


गिरफ्तार आरोपियों में अवधेश कुमार, अमन कुमार सिंह और पंकज कुमार साह शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का मास्टरमाइंड उज्जवल उर्फ राजा बाबू है, जो पावापुरी मेडिकल कॉलेज का छात्र है। पुलिस के अनुसार, उज्जवल के खिलाफ पहले भी सीबीआई के मामले दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


पुलिस की सतर्कता के कारण सॉल्वर परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच सके, जिससे एक बड़ी साजिश विफल हो गई। अब पुलिस उन अभ्यर्थियों और अभिभावकों की भी जांच कर रही है, जिनके दस्तावेज और कॉल डिटेल्स आरोपियों के मोबाइल से मिले हैं। इस मामले में पावापुरी थाना में केस दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।


गौरतलब है कि इससे पहले भी नीट-यूजी 2024 पेपर लीक मामले में नालंदा के संजीव मुखिया का नाम सामने आया था, जो कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों में आरोपी रह चुका है।