1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 12, 2026, 11:51:50 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के नालंदा जिले में बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। वारदात शनिवार देर रात छबिलापुर थाना क्षेत्र के केशरी बिगहा गांव में हुई।
मृतक की पहचान केशरी बिगहा निवासी 45 वर्षीय छोटे यादव, पिता साजो यादव, के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई सुनील यादव ने आरोप लगाया कि हत्या के पीछे पुरानी चुनावी रंजिश है। उन्होंने गांव के ही धीरज यादव को नामजद करते हुए कहा कि दोनों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते छोटे यादव की हत्या की गई।
परिजनों के अनुसार, छोटे यादव आगामी पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। इसे लेकर गांव के दो गुटों के बीच पहले से तनाव और वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में भी इसी विवाद के चलते छोटे यादव के भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
राजगीर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि 12 जुलाई की देर रात बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।