Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / Bihar News : CM सम्राट चौधरी की बड़ी घोषणा, मुजफ्फरपुर में बनेगी...

Bihar News : CM सम्राट चौधरी की बड़ी घोषणा, मुजफ्फरपुर में बनेगी आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर के MIT परिसर से बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार यहां आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग की स्पेशलाइज्ड यूनिवर्सिटी स्थापित करेगी। इस फैसले से बिहार के छात्रों को तकनीकी शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 12, 2026, 1:08:32 PM

Bihar News : CM सम्राट चौधरी की बड़ी घोषणा,  मुजफ्फरपुर में बनेगी आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी

- फ़ोटो

Bihar News : बिहार के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी और ऐतिहासिक घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर में आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग की स्पेशलाइज्ड यूनिवर्सिटी स्थापित करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक संस्थान नहीं होगा, बल्कि बिहार को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने वाला बड़ा कदम साबित होगा।


मुजफ्फरपुर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पहले ही वादा किया था कि उनकी सरकार आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एक बड़ा संस्थान बनाएगी और अब उस वादे को पूरा करने का समय आ गया है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंच से घोषणा करते हुए कहा, "मैं आज मुजफ्फरपुर की इस पवित्र धरती से ऐलान करता हूं कि MIT की धरती पर आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग की एक विशेष यूनिवर्सिटी हमारी सरकार स्थापित करेगी।"


उन्होंने कहा कि बिहार में अब तक आर्किटेक्चर की पढ़ाई और रिसर्च के लिए कोई विशेष संस्थान नहीं था। छात्रों को बेहतर शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि जब भी आर्किटेक्चर की उच्च शिक्षा की बात होती थी तो लोगों को अहमदाबाद और देश के अन्य बड़े संस्थानों की ओर देखना पड़ता था, लेकिन अब बिहार के छात्रों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम करेगी।


सीएम ने कहा कि इस यूनिवर्सिटी की परिकल्पना मुजफ्फरपुर के लिए ही की गई है और इसे जल्द धरातल पर उतारने की दिशा में सरकार आवश्यक कदम उठाएगी। उनका कहना था कि यह संस्थान केवल डिग्री देने वाला विश्वविद्यालय नहीं होगा, बल्कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, शहरी विकास, स्मार्ट सिटी, भवन निर्माण और नई तकनीकों पर रिसर्च का प्रमुख केंद्र बनेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार को तकनीकी शिक्षा का मजबूत केंद्र बनाना है। इंजीनियरिंग और आर्किटेक्चर जैसे क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने से बिहार के युवाओं को रोजगार और करियर के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही राज्य के विकास कार्यों में स्थानीय विशेषज्ञों की भागीदारी भी बढ़ेगी।


इस घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। स्थानीय लोगों और छात्रों ने इस फैसले को मुजफ्फरपुर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर बिहार के लिए बड़ी सौगात बताया। मुख्यमंत्री की इस घोषणा को बिहार में तकनीकी और उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को कब तक मंजूरी देकर निर्माण कार्य शुरू करती है। अगर यह योजना तय समय पर पूरी होती है तो मुजफ्फरपुर आने वाले वर्षों में देश के प्रमुख तकनीकी शिक्षा केंद्रों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।