Cyber Crime in Bihar: नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिलाओं और युवकों को झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह के नाबालिग समेत पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि सुंदरपुर और बरीठ गांव के बीच खेत-खंदा में कुछ संदिग्ध युवक सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर पांच लोगों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रभात कुमार, नीतीश कुमार, प्रीतम कुमार, अनिल कुमार और एक नाबालिग शामिल है। तलाशी के दौरान सात मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को सस्ते लोन दिलाने का झांसा देते थे।
इसके अलावा महिलाओं की तस्वीर भेजकर युवकों को गर्भवती कराने पर मोटी रकम मिलने का लालच दिया जाता था। इस बहाने पंजीकरण शुल्क, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर पैसे वसूले जाते थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को निशाना बना रहा था। आरोपियों के बैंक खातों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
नाबालिग को किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, संदेश या सोशल मीडिया लिंक पर भरोसा न करें और लालच में आकर पैसे न भेजें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या साइबर हेल्पलाइन पर दें।





