MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 6 शातिर तस्करों को दबोचा है। इनके पास से भारी मात्रा में गांजा, स्मैक, नगदी और वाहन बरामद किए गए हैं।
जिले के विभिन्न थानों में की पुलिस कार्रवाई
औराई और सरैया थाना: पुलिस ने औराई से विकास सहनी और नितेश कुमार को 1.983 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, सरैया थाना क्षेत्र से चन्दन कुमार को 1.132 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल के साथ पकड़ा गया। इन कार्रवाइयों में दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। अहियापुर और मिठनपुरा थाना: अहियापुर पुलिस ने विकास कुमार और प्रकाश कुमार सिंह को 3.37 ग्राम स्मैक और 7,100 रुपये नगद के साथ गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त, मिठनपुरा पुलिस ने एक पुराने मामले में फरार चल रहे अभियुक्त छोटु कुमार को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
मुख्य अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में से विकास सहनी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर औराई और कटरा थानों में बलात्कार (376 IPC), आर्म्स एक्ट और बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत पहले से ही कम से कम 5 मामले दर्ज हैं।
कुल बरामदगी:
गांजा: 3.115 किलोग्राम
स्मैक: 3.37 ग्राम
नगद: 7,100 रुपये
वाहन: 02 मोटरसाइकिल
मोबाइल: 02
पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। एसएसपी ने चेतावनी दी है कि जिले में नशा माफियाओं के विरुद्ध यह सख्त अभियान निरंतर जारी रहेगा। पूरे मामले की जानकारी टीएसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।





