Hindi News / crime / मुजफ्फरपुर में आभूषण कारोबारी की गोली मारकर हत्या, गहनों से भरा बैग लूटकर...

मुजफ्फरपुर में आभूषण कारोबारी की गोली मारकर हत्या, गहनों से भरा बैग लूटकर फरार हुए बदमाश

मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक आभूषण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश गहनों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है।

1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Jun 15, 2026, 9:35:17 PM

बिहार न्यूज

जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो रिपोर्टर

MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सदर थाना क्षेत्र (कच्ची पक्की ओपी अंतर्गत) के माधोपुर चौक के पास घात लगाए बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक आभूषण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद अपराधी व्यवसायी के पास मौजूद आभूषणों से भरा झोला लूटकर आसानी से फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


दुकान बढ़ाकर घर लौट रहे थे व्यवसायी

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक व्यवसायी की पहचान दीपक कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। वह कच्ची पक्की थाना क्षेत्र के माधोपुर चौक पर अपनी आभूषण की दुकान चलाते थे। रोज की तरह वे देर शाम अपनी दुकान बंद कर अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। उनके पास दुकान के कीमती जेवरातों से भरा एक झोला भी था। माधोपुर चौक से कुछ ही दूरी पर एक सुनसान जगह है, जहां आस-पास खाली मैदान है। अपराधी इसी बात का फायदा उठाने के लिए वहां पहले से घात लगाए बैठे थे।


सुनसान जगह पर मारी गोली, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जैसे ही दीपक कुमार गुप्ता उस सुनसान मैदान के पास पहुंचे, एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें जबरन रोका। अपराधियों ने लूटपाट का विरोध करने पर व्यवसायी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। दीपक को शरीर में दो गोलियां लगीं, जिससे वे लहुलुहान होकर वहीं गिर पड़े। इसके बाद अपराधी गहनों से भरा झोला लेकर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।


घटना की पूरी जानकारी मृतक व्यवसायी के साथ रहने वाले उनके स्टाफ ने दी। वारदात के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में घायल व्यवसायी को इलाज के लिए बैरिया स्थित मां जानकी हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया था। मां जानकी अस्पताल के संचालक सह प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अमितांशु ने बताया कि गोली लगने के कारण मरीज की हालत बेहद गंभीर थी और उन्हें 'ब्रॉड डेड' (अस्पताल पहुंचने से पहले मृत) लाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें तुरंत मृत घोषित कर दिया।


पुलिस के आला अधिकारी मौके पर, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि एक आभूषण कारोबारी की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस को लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका है। एसएसपी ने कहा कि पुलिस की विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।