Hindi News / crime / मुजफ्फरपुर पुलिस का एक्शन, डकैती की साजिश रचने वाले 6 फरार आरोपियों पर...

मुजफ्फरपुर पुलिस का एक्शन, डकैती की साजिश रचने वाले 6 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर में डकैती साजिश के मामलों में फरार 6 आरोपियों पर पुलिस ने 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 01, 2026, 1:31:28 PM

Bihar Crime News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर पुलिस ने डकैती की साजिश से जुड़े मामलों में फरार चल रहे छह शातिर आरोपितों पर सख्त कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और आम जनता से सहयोग की अपील की गई है।


इनमें मिठनपुरा थाना क्षेत्र के चर्चित मामले में शामिल अहियापुर अयाची ग्राम निवासी बिट्टू कुमार प्रमुख रूप से शामिल है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2018 और 2019 में दर्ज डकैती की साजिश से जुड़े मामलों में उसकी लंबे समय से तलाश की जा रही है।


इसके अलावा ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के वर्ष 2016 के एक मामले में तपन घोष, अरुण घोष, सपन घोष, प्रभा घोष और पिंकी घोष को भी आरोपी बनाया गया है। ये सभी लंबे समय से फरार चल रहे हैं। जिला पुलिस का कहना है कि इन सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है।


पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि इन आरोपितों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें घोषित इनाम की राशि भी दी जाएगी। इसके साथ ही, पुलिस ने इनाम की घोषणा और आरोपितों की जानकारी अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा की है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सूचना पहुंच सके और गिरफ्तारी में मदद मिल सके।