Hindi News / crime / मुजफ्फरपुर में 50 सेकेंड में 50 हजार की लूट, CSP सेंटर पर फायरिंग...

मुजफ्फरपुर में 50 सेकेंड में 50 हजार की लूट, CSP सेंटर पर फायरिंग कर भागे बाइक सवार बदमाश

मुजफ्फरपुर के सकरा में बदमाशों ने 50 सेकेंड में CSP सेंटर से 50 हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद फायरिंग करते हुए फरार हो गए, पुलिस सीसीटीवी के आधार पर जांच में जुटी है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 16, 2026, 10:15:16 PM

बिहार न्यूज

अपराधियों का तांडव जारी - फ़ोटो सोशल मीडिया

MUZAFFARPUR: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बाइक सवार बदमाशों ने 50 सेकेंड में 50 हजार रुपया लूट लिया। सकरा थाना क्षेत्र के दरधा गांधी चौक स्थित एक सीएसपी केंद्र को बदमाशों ने निशाना बनाया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों की करतूत साफ दिख रही है। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। 


बताया जाता है कि तीन नकाबपोश बदमाश ढाई लाख की बाइक से चेहरे को ढकर सीएसपी सेंटर पहुंचे। इनमें से एक बदमाश बाहर बाइक स्टार्ट कर खड़ा था जबकि दो बदमाश अंदर घुस गए। सीएसपी के भीतर घुसते ही बदमाशों ने ग्राहकों को हथियार दिखाकर धमकाया। हाथ में हथियार देख वहां मौजूद 3 ग्राहक अपनी जान बचाकर भाग निकले। जिसके बाद हथियार के बल पर बदमाशों ने सीएसपी संचालक से 50 हजार रुपये लूट लिया और हथियार लहराते हुए मौके से नौ दो ग्यारह हो गये। लूट का जब वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया तब दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने  फायरिंग कर दी। लूट की इस वारदात को बदमाशों ने 50 सेकेंड में ही अंजाम दिया।


मोहम्मदपुर निवासी सीएसपी संचालक संजीव कुमार ने इस बात की शिकायत सकरा थाना में जाकर की है। बताया है कि कैसे सीएसपी केंद्र पर आकर अज्ञात अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। इन अपराधियों के खिलाफ पीड़ित ने केस दर्ज कराया है और कार्रवाई की मांग की है। इन सभी बदमाशों की उम्र 20 से 25 साल के बीच थी। दहशत फैलाने के लिए इन बदमाशों ने फायरिंग की जिसके बाद अन्य दुकानदारों ने अपने-अपने दुकान का शटर गिरा दिया। जिससे बदमाशों को वहां से भागने का मौका मिल गया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस खंगालने में जुटी है।