1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated May 11, 2026, 6:41:40 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ एक विवाद अब कानूनी और राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। मारपीट और धमकी के एक मामले में पुलिस द्वारा नोटिस भेजे जाने के बाद शहर के नगर विधायक रंजन कुमार को मिठनपुरा थाने पहुंचना पड़ा। वहां पुलिस ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें ‘बाउंड डाउन’ कर छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर हुए एक कथित ‘चीरा विवाद’ से हुई थी। देखते ही देखते यह बहस हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई। मामले में मुकुंद कुमार की पत्नी पिंकी देवी ने नगर विधायक रंजन कुमार और उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
नगर डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसी क्रम में विधायक के आवास पर नोटिस तामील कराया गया था। नोटिस मिलने के बाद विधायक स्वयं मिठनपुरा थाने पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें ‘बाउंड डाउन’ किया गया।
वहीं, विधायक पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने बीते दिन मुकुंद कुमार को गिरफ्तार किया था। हालांकि बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई। इसके बाद विधायक पर हुई पुलिस कार्रवाई ने शहर के राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है।
कानूनी जानकारों के मुताबिक, ‘बाउंड डाउन’ प्रक्रिया के तहत व्यक्ति को इस शर्त पर छोड़ा जाता है कि वह कानून-व्यवस्था बनाए रखेगा, शांति भंग नहीं करेगा और जांच में सहयोग करेगा। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। विधायक का नाम मारपीट के मामले में सामने आने और थाने तक पहुंचने की घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
मुजफ्फरपुर से मनोज कुमार की रिपोर्ट...