Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित बखरी के समीप देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। कार सवार एक युवक ने साथ बैठी महिला को गाड़ी से उतारकर गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। घायल महिला अनीता कुमारी ने बताया कि वह वैशाली जिले के राजापाकड़ की रहने वाली है।
वह अपने गांव के पड़ोसी अजीत कुमार के साथ कार से मधुबनी जिले के बासोपट्टी जा रही थी। बखरी पहुंचने पर अजीत कुमार ने गाड़ी रोकी, उसे सड़क किनारे ले जाकर गोली मार दी और फरार हो गया। गोली लगने के बाद महिला ने राहगीरों से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया।
मामले को लेकर एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि किसी विवाद के बाद महिला को कार से उतारकर गोली मारी गई है। घायल महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।





