Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर में मां की गोद से 8 महीने के मासूम को छीनने की कोशिश की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि, लोगों के शोर और पीछा करने पर बाइक सवार बदमाश बच्चे को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। गनीमत रही कि मासूम पूरी तरह सुरक्षित मिल गया।
यह घटना कासिम बाजार थाना क्षेत्र के संदलपुर बॉयज स्कूल के पास शनिवार दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पूरबसराय थाना क्षेत्र के शाह कॉलोनी निवासी मो. अकबर की पत्नी नेहा अपने 8 माह के बेटे के साथ जमालपुर स्थित जेआरएस कॉलेज से पढ़ाई कर टोटो से घर लौट रही थीं।
बताया जाता है कि संदलपुर दुर्गा स्थान के पास टोटो चालक ने वाहन दूसरी ओर मोड़ दिया। पूछने पर चालक ने स्कूल से एक बच्चे को छोड़ने की बात कही। इसी दौरान संदलपुर बॉयज स्कूल के पास पहले से खड़े बाइक सवार दो युवक पहुंचे और महिला की गोद से मासूम को छीनकर भागने लगे।
महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोग बदमाशों के पीछे दौड़े। करीब 100 मीटर आगे जाकर आरोपियों ने बच्चे को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया और फरार हो गए। सूचना मिलते ही कासिम बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भागते बाइक की नंबर प्लेट की तस्वीर भी पुलिस को सौंपी। डिप्टी मेयर खालिद हुसैन भी मौके पर पहुंचे और वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद और एसडीपीओ सदर देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि नवजात को जबरन छीनने के प्रयास की सूचना पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया है।
टीम घटनास्थल की जांच, आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अब तक सीसीटीवी में घटना की स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है, जबकि कई स्थानीय लोगों ने भी ऐसी किसी घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत सूचना देने की अपील की है।




