1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 09, 2026, 4:54:07 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब से हुई मौतों और लोगों के बीमार पड़ने के बाद पुलिस ने शराब तस्करों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। इसी क्रम में हरसिद्धि थाना क्षेत्र के घिवाढार से शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार वारंटी अच्छेलाल पासवान की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पैसे लेकर मामले में गड़बड़ी की गई और बेहतर इलाज भी नहीं कराया गया। एसडीएम निशांत सेहारा ने बताया कि जहरीली शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी दौरान अच्छेलाल पासवान को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
वहीं मृतक के साले नितेश लाल पासवान ने पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने हरसिद्धि थाने के चौकीदार सुदामा राय पर 50 हजार रुपये लेने के बाद भी पकड़वाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है और प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी