1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 06, 2026, 4:10:41 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के मोतिहारी जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संभावित लूट की वारदात को विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भटहां गांव में छापेमारी कर नितेश कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को फर्जी पुलिसकर्मी बताकर लोगों को ठगी और लूट का शिकार बनाता था। छापेमारी के दौरान उसके घर से पुलिस की वर्दी (दो स्टार लगी), टोपी, चाकू और टॉर्च बरामद किए गए, जिससे उसकी आपराधिक गतिविधियों की पुष्टि हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के बारे में भी खुलासा किया है, जिसके आधार पर दो अन्य संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नितेश कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। वह इससे पहले पटना में 35 लाख रुपये की ठगी के मामले में भी शामिल रह चुका है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह संगठित अपराध में संलिप्त था। फिलहाल, गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में मोतिहारी भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी