Hindi News / crime / मोतिहारी में दहेज के लिए पत्नी की आंख फोड़ी, गंभीर हालत में मुजफ्फरपुर...

मोतिहारी में दहेज के लिए पत्नी की आंख फोड़ी, गंभीर हालत में मुजफ्फरपुर रेफर, पति गिरफ्तार

मोतिहारी के शिकारगंज थाना क्षेत्र में दहेज में तीन लाख रुपये नहीं मिलने पर पति ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी आंख फोड़ दी। गंभीर हालत में महिला को एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 25, 2026, 10:26:06 PM

बिहार न्यूज

पीड़ित की हालत गंभीर - फ़ोटो AI-generated image

MOTIHARI: दहेज लोभियों पर लगाम कसने के लिए सरकार ने कड़े कानून बना रखे हैं, इसके बावजूद दहेज दानव अपनी करतूतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इस वक्त की बड़ी खबर पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी से आ रही है, जहां दहेज में तीन लाख नहीं देने पर पति ने सारी हदें पार कर दी। पत्नी को इस कदर पीटा कि वो लहुलुहान हो गयी, इससे भी मन नहीं भरा तो पत्नी की आंख तक फोर डाला। 


घटना शिकारगंज थाना क्षेत्र के सिरौन गांव की बतायी जा रही है। शिकारगंज थाना क्षेत्र के सिरौना गांव में ससुराल आए पति ने दहेज के लिए मारपीट कर पत्नी का आंख फोड़ दिया है.घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला को इलाज के लिए ढाका रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया. जिसे गंभीरावस्था में मोतिहारी भेज दिया गया. लेकिन वहां भी समुचित इलाज के बाद सदर अस्पताल के डॉक्टर ने उसे एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।


जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. मामले को लेकर घायल गुड़िया कुमारी के पिता व सिरौना गांव निवासी भरत मुखिया ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए थाना में एक आवेदन पत्र दिया है. जिसमें पताही थाना क्षेत्र के छोटकी बलुआ गांव निवासी स्व. राम भरोस मुखिया के पुत्र व दामाद जगदीश मुखिया को आरोपित बनाया है. दिए गए आवेदन पत्र में कहा गया है कि उसका दामाद जगदीश मुखिया दहेज के रुप में तीन लाख रूपये की मांग करता था.


 जिसकी पूर्ति नही करने पर वह पहले भी कई बार उसकी पुत्री के साथ मारपीट किया था. जिसको लेकर समझौता हुआ था. पति की प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बेटी कुछ दिनों से मैके में रह रही है. घटना की रात उसका दामाद शत्रुघ्न मुखिया की पत्नी बच्ची देवी के बुलावे पर सिरौना आकर मारपीट कर बेटी का आंख फोड़ दिया है.


 घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है. गुड़िया कुमारी और जगदीश मुखिया ने घर से भाग कर प्रेम विवाह किया था.  बाद में दोनों के परिजनों की सहमति से ग्राम कचहरी में विधिवत शादी करा दी गई थी. उसके बाद से वह दहेज में तीन लाख रूपये की मांग करने लगा था. थानाध्यक्ष गोपाल कुमार ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर कारवाई की जा रही है.

मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट