Bihar Crime News: बिहार के मोकामा थाना क्षेत्र के साहबेगपुर गांव में जमीन विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। वर्षों से चले आ रहे चार कट्ठा जमीन के झगड़े ने मंगलवार को खौफनाक मोड़ ले लिया, जब एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस खूनी संघर्ष में 30 वर्षीय राजीव कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, अजय यादव और विजय यादव के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह विवाद कई बार पंचायत स्तर पर सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। मंगलवार सुबह जब एक पक्ष के लोग खेत की ओर जा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष ने पहले से साजिश रचकर उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने ईंट, पत्थर और कुदाल जैसे धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया। इस दौरान चाचा-भतीजा समेत परिवार के कई सदस्य निशाना बने। हमले में राजीव कुमार को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार और एसडीपीओ रामकृष्ण पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला भूमि विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन इस विवाद को गंभीरता से लेता और समाधान निकालता, तो शायद यह घटना टल सकती थी। गांव में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं।

