Bihar Crime News: बिहार के मधेपुरा जिले में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। भर्राही थाना क्षेत्र के बिरैली बाजार वार्ड नंबर 05 निवासी अनमोल कुमार मेहता, जो घर पर एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) चलाते हैं, उनके साथ जाम में खड़ी कार की डिक्की से 5 लाख 29 हजार 921 रुपये से भरा बैग उड़ा लिया गया।
पीड़ित के अनुसार, वे एसबीआई एडीबी ब्रांच मधेपुरा से निकासी कर लौट रहे थे। बैंक से राशि लेकर वे अपनी ऑल्टो K10 से सिंहेश्वर की ओर जा रहे थे। कर्पूरी चौक से आगे सिंहेश्वर पेट्रोल पंप के दक्षिण और टेम्पो स्टैंड के उत्तर की ओर भीषण जाम लगा हुआ था। गाड़ियां रुक-रुक कर चल रही थीं।
इसी दौरान अज्ञात चोर ने गाड़ी की डिक्की खोलकर रुपये से भरा बैग निकाल लिया और नारियल फार्म की ओर भाग गया। जब तक अनमोल कुमार सीट बेल्ट खोलकर बाहर निकले और शोर मचाया, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। आसपास के दुकानदारों ने भी पीछा किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।
चोरी गए बैग में नकदी के अलावा पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड और जमीन का मूल कबाला समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी थे। पीड़ित ने बताया कि वे हाउस लोन के सिलसिले में दस्तावेज बैंक में दिखाकर उसी बैग में रखे थे। मामले की सूचना स्थानीय थाने को दे दी गई है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सिंहेश्वर थाना अध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिला है, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।




