Hindi News / crime / साली के प्यार में हैवान बना जीजा: बंद कमरे में खेला खूनी खेल,...

साली के प्यार में हैवान बना जीजा: बंद कमरे में खेला खूनी खेल, युवती को गोली मारने के बाद खुद को किया शूट; दोनों की मौत

Bihar Crime News: उत्तर प्रदेश के तमकुहीराज में जीजा ने कथित प्रेम प्रसंग में साली को गोली मारने के बाद खुद को भी शूट कर लिया। बंद कमरे में हुई इस घटना से परिवार और गांव में हड़कंप मच गया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 14, 2026, 11:49:53 AM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: उत्तर प्रदेश के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडीला बुजुर्ग गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। बंद कमरे से लगातार तीन गोलियों की आवाज आने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। जब लोगों ने कमरे के अंदर झांका तो वहां का दृश्य बेहद भयावह था। कमरे में 18 वर्षीय युवती और उसका जीजा खून से लथपथ पड़े मिले। 


शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध और सनक से जुड़ा बताया जा रहा है। मृत युवक की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय जितेंद्र प्रजापति के रूप में हुई है। वहीं मृत युवती उसकी साली नैना बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आशंका है कि जितेंद्र ने पहले नैना को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली से उड़ा लिया। 


जानकारी के अनुसार, जितेंद्र की शादी करीब एक साल पहले नैना की बड़ी बहन बेबी से हुई थी। शादी के बाद उसका ससुराल आना-जाना बढ़ गया था। इसी दौरान उसकी साली नैना से नजदीकियां बढ़ीं। परिजनों का कहना है कि जितेंद्र नैना को लेकर काफी जुनूनी हो गया था और उससे शादी करने की जिद करने लगा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम वह अपनी ससुराल पहुंचा था और रात में वहीं रुका। 


बुधवार सुबह करीब 9 बजे नैना उसे नाश्ता देने कमरे में गई। इसी दौरान जितेंद्र ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। आवाज सुनकर परिवार के लोग दरवाजा खुलवाने पहुंचे, तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। कुछ ही मिनटों में दो और गोलियां चलीं, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही तमकुहीराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। 


मौके से 312 बोर का देसी पिस्टल बरामद किया गया। नैना के माथे और सीने पर गोली के निशान मिले, जबकि जितेंद्र की कनपटी पर गोली लगी थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है। नैना हाईस्कूल की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी तेज मानी जाती थी। वह एक निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाती भी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस दोनों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज