Bihar Crime News: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसवीयू की टीम ने सीमांचल के किशनगंज जिले में बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार, 20 फरवरी को पटना से आई स्पेशल विजिलेंस यूनिट की आठ सदस्यीय टीम ने बाल विकास सेवा (ICDS) की सह प्रभारी डीपीओ अनीता कुमारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पौठिया के सीडीपीओ नागेंद्र कुमार की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले प्रारंभिक जांच की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान अनीता कुमारी को उनके निजी आवास से रिश्वत की राशि लेते पकड़ा गया।
एसवीयू के डीएसपी लव कुमार ने बताया कि यह मामला किसी बड़ी विभागीय डील और लाभ से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि अनीता कुमारी ने कुल 10 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से फिलहाल 50 हजार रुपये दिए गए थे। छापेमारी के दौरान उनके आवास से लाखों रुपये अतिरिक्त नकद भी बरामद हुए हैं, जिनकी गिनती की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद अनीता कुमारी को निगरानी मुख्यालय ले जाने की तैयारी की जा रही थी। निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्ट- नौशाद आलम, किशनगंज




