1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 13, 2026, 1:09:21 PM
- फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के किशनगंज कोर्ट को सोमवार को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोर्ट के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर आए संदिग्ध संदेश में परिसर में बम होने का दावा किया गया था।
सूचना मिलते ही न्यायालय कर्मियों ने तत्काल जिला प्रशासन और पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया। सूचना के तुरंत बाद सदर थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद पूरे कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान कोर्ट भवन, न्यायालय कक्ष, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में प्रवेश करने वाले सभी लोगों की कड़ी जांच की जा रही है। मुख्य प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि, एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त रखी गई है। पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है और मामले की जांच साइबर सेल को भी सौंप दी गई है, ताकि आईपी एड्रेस और लोकेशन का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद कुछ समय के लिए कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और दोषी की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।