1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 22, 2026, 11:36:44 AM
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल - फ़ोटो Social media
Bihar Crime News: बिहार के कटिहार जिले के सेमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहना चांदपुर पंचायत से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां अपना पैसा वापस मांगने पर एक युवक को साजिश के तहत चोर बताकर बांध दिया गया और गांव व बाजार में घुमाते हुए उसकी पिटाई की गई। यह घटना 13 अप्रैल की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित की पहचान दिलीप चौधरी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने गांव के ही रवि शर्मा को पलंग बनाने के लिए 50 हजार रुपये एडवांस दिए थे। समय पर काम पूरा नहीं होने पर जब वे अपना पैसा मांगने पहुंचे, तो आरोपियों ने मोबाइल बदलने का बहाना बनाकर उन्हें रास्ते में रोक लिया।
इसके बाद आरोपियों ने दिलीप चौधरी के हाथ बांधकर उन्हें घंटों तक गांव और बाजार में घुमाया तथा उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया।
सेमापुर थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार ने बताया कि यह मामला प्रथम दृष्टया सोची-समझी साजिश प्रतीत होता है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित की शिकायत पर सात लोगों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।