1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 21, 2026, 12:08:10 PM
- फ़ोटो AI
Bihar Crime News: बिहार के जहानाबाद में एनएच-22 (पटना-गया मार्ग) पर सेरथुआ के पास सोमवार देर रात टोल प्लाजा पर गोलीबारी की घटना सामने आई। इस घटना में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल युवकों ने टोल प्लाजा के कर्मियों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। घायलों की पहचान उमराई बीघा निवासी ग्यानी और नियाजीपुर निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। एक अन्य युवक मारपीट में घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात उमराई बीघा से बारात मसौढ़ी जा रही थी। टोल प्लाजा पार करने के दौरान किसी बात को लेकर बारात में शामिल लोगों और टोल कर्मियों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान फायरिंग की गई, जिसमें दो लोगों को गोली लग गई। घायलों को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी मनोज पांडे देर रात सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ की तथा स्थिति की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, मौके से कथित रूप से फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
एएसपी मनोज पांडे ने बताया कि दो लोग घायल हुए हैं और गोली लगने की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।