1st Bihar Published by: Dheeraj Kumar Updated May 28, 2026, 12:32:41 PM
दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प - फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के जमुई शहर में बुधवार शाम एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। टाउन थाना क्षेत्र के महिसौड़ी मदरसा के पीछे रंग-पेंट कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पत्थरबाजी और कथित फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। घटनास्थल पर भारी मात्रा में ईंट-पत्थर बिखरे मिले, जिससे संघर्ष की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना के बाद देर शाम तक इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और स्थानीय लोगों में दहशत देखी गई।
पहले पक्ष की ओर से घायल होने वालों में मोहम्मद जीशान, आरफा खातून, नियति प्रवीण, मोहम्मद इम्तियाज और मोहम्मद गब्बर शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से मोहम्मद हासिम उर्फ भोलू और मोहम्मद सलीम घायल बताए गए हैं। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया।
घायल नियति परवीन ने आरोप लगाया कि उनके घर में रंग-पेंट का काम चल रहा था। इसी दौरान मोहम्मद हासिम अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और लोहे की रॉड, ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि घर में घुसकर महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई और लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की गई।
वहीं दूसरे पक्ष के मोहम्मद हासिम उर्फ भोलू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी जमीन पर जबरन पानी गिराया जा रहा था। विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान मोहम्मद साहिल ने पिस्तौल निकालकर तीन राउंड फायरिंग की।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फायरिंग समेत सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।