1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 25, 2026, 7:22:22 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: जमुई जिले में पुलिस ने अपहरण और फिरौती से जुड़े एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा करते हुए नवादा उत्पाद विभाग के दो पदाधिकारियों समेत चार कर्मियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से डेढ़ लाख रुपये की फिरौती राशि भी बरामद की गई है। इनमें पकरीबरावां उत्पाद थाना के दो एएसआई सुजीत कुमार और दिलीप कुमारसहित दो होमगार्ड जवान शामिल हैं।
यह मामला कौआकोल थाना क्षेत्र के महुलिया टांड़ का है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात चारों उत्पाद कर्मी वहां वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक क्रेटा कार में सवार तीन लोगों को पकड़ा और उन्हें पकरीबरावां थाने ले गए। बताया गया कि तीनों युवक शराब के नशे में थे।
इसी बीच पकड़े गए युवकों में से संतोष कुमार ने अपने भाई को फोन कर खुद के अपहरण की बात कही और पांच लाख रुपये लेकर नवादा आने को कहा। इसके बाद संतोष के भाई पिंटू कुमार ने जमुई थाना में शिकायत दर्ज कराई। बाद में वह अपने रिश्तेदारों के साथ दो लाख रुपये लेकर नवादा पहुंचा और क्रेटा गाड़ी छोड़ने के बदले डेढ़ लाख रुपये आरोपियों को दे दिए।
मामले की जानकारी मिलते ही जमुई पुलिस ने अपहरण व फिरौती का केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पकरीबरावां पहुंचकर एएसआई दिलीप कुमार के घर से डेढ़ लाख रुपये बरामद किए और क्रेटा गाड़ी भी जब्त कर ली। इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जमुई लाया गया। इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।