Hindi News / crime / जमुई के कटौना जंगल में इंसानियत शर्मसार: युवती को भीड़ ने घसीटकर पीटा,...

जमुई के कटौना जंगल में इंसानियत शर्मसार: युवती को भीड़ ने घसीटकर पीटा, VIDEO वायरल होते ही मचा हड़कंप

जमुई के कटौना जंगल में युवती के साथ मारपीट का कथित वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान की जा रही है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 18, 2026, 9:40:59 PM

बिहार न्यूज

जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो सोशल मीडिया

JAMUI: जमुई जिले के कटौना जंगल क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और चिंताजनक घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत और सामाजिक सोच दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक युवती के साथ भीड़ द्वारा की गई बदसलूकी और मारपीट का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


 वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। फर्स्ट बिहार भी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। 


मिली जानकारी के अनुसार, युवती अपने एक मित्र के साथ जंगल क्षेत्र में घूमने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। बताया जा रहा है कि भीड़ को अपनी ओर बढ़ता देख युवक वहां से भागने में सफल हो गया, जबकि युवती को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।


आरोप है कि इसके बाद भीड़ ने सारी हदें पार कर दीं। युवती के साथ गाली-गलौज की गई, उसे जमीन पर घसीटा गया और बाल पकड़कर बेरहमी से पीटा गया। वायरल हो रहे करीब 13 सेकंड के वीडियो में युवती खुद को बचाने के लिए गुहार लगाती नजर आ रही है, लेकिन भीड़ का गुस्सा कम होता नहीं दिखता। हालांकि कुछ लोग बीच-बचाव करते भी दिखाई देते हैं, लेकिन वे हालात को पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सके।


बताया जा रहा है कि युवक और युवती दोनों जमुई के ही रहने वाले हैं और पतनेश्वर मंदिर के पास स्थित ऐतिहासिक स्थल “52 कोठली 53 दरवाजा” घूमने पहुंचे थे। वहां से वे जंगल की ओर चले गए, जहां यह घटना घटी। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। 


मलयपुर थाना अध्यक्ष शेखर सुमन ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन पड़ताल के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि समाज में बढ़ती भीड़तंत्र की मानसिकता को भी उजागर करती है, जो बेहद चिंताजनक है।

DHIRAJ KUMAR SINGH-JAMUI