Hindi News / crime / बिहार में शराबबंदी कानून को ठेंगा, देसी शराब बनाने का वीडियो सोशल मीडिया...

बिहार में शराबबंदी कानून को ठेंगा, देसी शराब बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Bihar News: जमुई में देसी शराब बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें शराबबंदी कानून के उल्लंघन की खुली पोल सामने आई है। प्रशासन ने जांच और छापेमारी शुरू कर दी है।

1st Bihar Published by: Dheeraj Kumar Updated May 18, 2026, 10:18:47 AM

Bihar News

- फ़ोटो Reporter

Bihar News: बिहार के जमुई में अवैध देसी शराब बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर इलाके का बताया जा रहा है, जहां दिन के उजाले में खुलेआम महुआ और देसी शराब चुलाई जाती दिखाई दे रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बिना किसी डर और खौफ के शराब तैयार की जा रही है हालांकि फर्स्ट बिहार वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।


दरअसल, बिहार में नवंबर 2016 से शराबबंदी कानून लागू है। सरकार का उद्देश्य शराब सेवन पर रोक लगाकर सामाजिक सुधार लाना था। शराबबंदी लागू होने के बाद पुलिस, उत्पाद विभाग और जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई करने का दावा करते रहे हैं, लेकिन समय-समय पर अवैध शराब बनाने और बेचने के मामले सामने आते रहे हैं।


सोशल मीडिया पर शराब बनाने का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब प्रशासन लगातार शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने का दावा कर रहा है, तब भी खुलेआम अवैध शराब का निर्माण कैसे जारी है।


राज्य सरकार शराबबंदी कानून को अपनी बड़ी उपलब्धि बताती रही है, वहीं दूसरी ओर शराब कारोबारी नए-नए तरीके अपनाकर इस कानून को चुनौती देते नजर आते हैं। ग्रामीण इलाकों में महुआ शराब और देसी चुलाई शराब का धंधा अब भी जारी रहने के आरोप लगते रहे हैं।


कुछ दिन पहले दोमानपुरा गांव से भी एक महिला द्वारा शराब बनाने का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में भी प्रशासन की ओर से छापेमारी की गई थी, लेकिन अब तक कोई बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई। इस नए वायरल वीडियो को लेकर उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और छापेमारी टीम को रवाना कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई होगी।