Hindi News / crime / बिहार में बालू तस्करों का दुस्साहस: जब्त ट्रैक्टर को पुलिस छुड़ाकर हुए फरार,...

बिहार में बालू तस्करों का दुस्साहस: जब्त ट्रैक्टर को पुलिस छुड़ाकर हुए फरार, कई थानों की फोर्स तैनात

Bihar Crime News: जमुई के दौलतपुर घाट पर अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर तस्करों ने हमला कर जब्त ट्रैक्टर छुड़ाकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और कई थानों की पुलिस व अतिरिक्त बल को तैनात किया गया है।

1st Bihar Published by: Dheeraj Kumar Updated Jun 09, 2026, 3:11:41 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: जमुई के दौलतपुर घाट पर सोमवार सुबह अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम को बालू तस्करों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान पुलिस और तस्करों के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसमें तस्कर पुलिस द्वारा जब्त किए गए ट्रैक्टर को छुड़ाकर फरार होने में सफल रहे। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त जवानों को मौके पर भेजना पड़ा।


जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दौलतपुर घाट के समीप अवैध बालू खनन की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लगे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। हालांकि, पुलिस बल की संख्या कम होने का फायदा उठाते हुए बालू तस्करों ने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते बड़ी संख्या में तस्कर मौके पर जुट गए और जब्त ट्रैक्टर को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर लेकर भाग निकले। इस दौरान कुछ समय के लिए घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त बल की मांग की। इसके बाद आसपास के कई थानों की पुलिस, विशेष बल और दंगा नियंत्रण टीम को घटनास्थल पर तैनात किया गया।


घटना के बाद पुलिस ने इलाके में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली गई और तस्करों की पहचान करने का प्रयास शुरू किया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। स्थानीय लोगों के बीच भी घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा। कुछ ग्रामीणों ने दावा किया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा हवाई फायरिंग भी की गई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन ने इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


नगर थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि अवैध बालू खनन की सूचना पर पुलिस टीम कार्रवाई के लिए गई थी। उन्होंने स्वीकार किया कि पुलिस बल कम होने के कारण तस्कर जब्त ट्रैक्टर को छुड़ाकर ले जाने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जल्द ही ट्रैक्टर बरामद करने और दोषियों की गिरफ्तारी का भरोसा भी दिलाया है।