1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 08, 2026, 3:59:35 PM
हत्या से सनसनी - फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र के निमुईया गांव में बच्चों के द्वारा फूल तोड़ने को लेकर मामूली विवाद तेजी से हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे, बांस और लोहे की रॉड से जमकर मारपीट हुई।
घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। घायलों में से एक 55 वर्षीय बुनी यादव की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, विवाद बच्चों के फूल तोड़ने की कहासुनी से शुरू हुआ और बाद में दोनों पक्षों के बड़े लोग इसमें शामिल हो गए। अचानक हुई हिंसा से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
मांझागढ़ थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। सदर एसडीपीओ 2 राजेश कुमार ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पोस्टमार्टम के लिए मृतक का शव सदर अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट..