CRIME NEWS: बिहार के गोपालगंज शहर में बुधवार देर शाम एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। नगर थाना क्षेत्र के थाना चौक हजियापुर NH-28 के समीप हुए इस घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते चाकूबाजी में बदल गया, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
घायलों में एक की पहचान हजियापुर कैथवलिया निवासी नज़ीर हुसैन और दूसरे की पहचान शहजाद अहमद हम्मद के रूप में हुई है। नज़ीर पेशे से फल व्यवसायी हैं और रोज की तरह फल बेचकर अपने घर लौट रहा था। पीड़ित के अनुसार, रास्ते में कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और पैसों को लेकर बहस शुरू कर दी। बात बढ़ते-बढ़ते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
नज़ीर ने आरोप लगाया है कि हजियापुर निवासी जाफर उर्फ खलीफा अपने तीन साथियों के साथ मौके पर मौजूद था। आरोप है कि इन लोगों ने उससे 5500 रुपये नकद छीन लिए और उनकी बाइक छीनने का भी प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। नज़ीर ने बताया कि चाकू से वार उसकी गर्दन की ओर किया गया था, लेकिन बचाव करने के दौरान वार उसके कान पर लग गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई है।
इस झड़प में दूसरे पक्ष का भी एक युवक घायल हुआ है। तीर्थ शहजाद अहमद ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। उसके अनुसार, जब उन्होंने अपने पैसे की मांग की तो सामने से टालमटोल किया गया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और अचानक उन पर पीठ में चाकू से वार कर दिया गया, जिससे वह जख्मी हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि चोटें गंभीर हैं।
मामले की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। नगर थाना पुलिस का कहना है कि यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन लूट और मारपीट के आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।






