1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 22, 2026, 1:50:56 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के पटोहवा गांव में तीन दिन पहले हुए डांसर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शैलेश सिंह समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
यह घटना बारात के दौरान आयोजित डांस कार्यक्रम में हुई थी, जहां कुछ असामाजिक तत्वों ने डांसर को गोली मार दी थी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार छापेमारी की जा रही थी, जिसके परिणामस्वरूप मुख्य आरोपी शैलेश सिंह सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद से ही पुलिस सक्रिय थी और तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज