Hindi News / crime / बिहार के इस जिले में 60 भू-माफिया पर शिकंजा: जमीन कब्जा करने वालों...

बिहार के इस जिले में 60 भू-माफिया पर शिकंजा: जमीन कब्जा करने वालों की संपत्ति जब्त करने की तैयारी, ED तक पहुंचेगी लिस्ट

Bihar Crime News: गोपालगंज में भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू हो गया है. पुलिस ने 60 भू माफिया की लिस्ट तैयार की है और उनकी संपत्ति जब्त करने की तैयारी शुरू कर दी गई है. पुलिस जल्द ही यह लिस्ट ईडी को सौंप देगी.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 21, 2026, 1:48:20 PM

Bihar Crime News

भू-माफिया पर शिकंजा - फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: बिहार के गोपालगंज में पुलिस जिला प्रशासन ने भू-माफिया के खिलाफ अब बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। जिले में लंबे समय से सक्रिय भूमि माफियाओं पर अब कानून का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर भू-माफियाओं की एक विशेष सूची तैयार की जा रही है और जल्द ही इस सूची को प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी को भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। 


इस कार्रवाई के बाद जिले के भू-माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस अब सिर्फ अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि अवैध तरीके से अर्जित की गई उनकी संपत्तियों को भी जब्त करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। जानकारी के मुताबिक, एसपी विनय तिवारी ने जिले में सक्रिय भू-माफियाओं और संगठित अपराध में शामिल लोगों की एक स्पेशल लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। 


इस सूची में ऐसे अपराधियों को शामिल किया जा रहा है, जिनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट और भूमि विवाद से जुड़ी हिंसक घटनाओं के कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन अपराधियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित करने का काम भी शुरू कर दिया गया है। उनकी जमीन, मकान, व्यवसाय और अन्य चल-अचल संपत्तियों का आकलन किया जा रहा है। 


एसपी के निर्देश पर नगर थाना में संगठित अपराध की धाराओं के तहत कई नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें योगेंद्र पंडित, मुकेश कुशवाहा, भूषण कुशवाहा, उदय नारायण कुशवाहा, राजपाल कुशवाहा और उमेश कुशवाहा के नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी आरोपी सुनियोजित तरीके से अपराध को अंजाम देकर इलाके में भय और आतंक का माहौल बना रहे थे। भूमि विवादों को लेकर हिंसा फैलाना, लोगों से रंगदारी वसूलना और अवैध कब्जा करना इनके नेटवर्क का हिस्सा बताया जा रहा है। 


इतना ही नहीं, पुलिस ने जिले के करीब 60 बड़े भू-माफियाओं को भी चिन्हित किया है, जिनकी संपत्तियों की गहन जांच की जा रही है। इनमें गंग दयाल यादव, मुर्गा बाबा और डब्लू तिवारी जैसे बड़े नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद जिन संपत्तियों को अवैध कमाई से अर्जित पाया जाएगा, उन्हें पीएमएलए यानी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत जब्त करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर ईडी को भेजा जाएगा। गोपालगंज पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से साफ है कि अब प्रशासन भू-माफियाओं के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में है। आने वाले दिनों में कई बड़े नामों पर और भी कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज