Bihar Crime News: गोपालगंज से देर रात लूट की एक वारदात सामने आई है, जहां बारात में शामिल होने जा रहे बाइक सवार युवकों को नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बना लिया। 7 से 8 की संख्या में बदमाशों ने लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर दो मोबाइल फोन और पर्स लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
यह वारदात नगर थाना क्षेत्र के सुकुलवां और उचकागांव थाना क्षेत्र के दहीभत्ता बॉर्डर स्थित नहर मार्ग की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, युवक अपने घर से बाइक पर सवार होकर उचकागांव की ओर बारात में जा रहे थे। रात करीब 11 बजे जैसे ही वे सुकुलवां-दहीभत्ता बॉर्डर के नहर रास्ते पर पहुंचे, पहले से घात लगाए 7-8 नकाबपोश बदमाश सड़क किनारे लाठी-डंडा और रॉड लेकर खड़े थे।
बाइक को आते देख बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। युवकों के साथ मारपीट कर उनके पास से दो मोबाइल फोन एक आईफोन और दूसरा मोटोरोला कंपनी का—छीन लिया गया। इसके अलावा पर्स में रखे नकद रुपये और जरूरी कागजात भी लूट लिए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में छानबीन की। पुलिस के मुताबिक यह स्थान नगर थाना और उचकागांव थाना का सीमावर्ती क्षेत्र है। प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि 7-8 युवक डंडा और रॉड लेकर लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हुए।
पुलिस ने आसपास के रास्तों और संभावित भागने के मार्गों पर तलाश की, लेकिन देर रात तक कोई संदिग्ध पकड़ा नहीं जा सका। पीड़ितों से लिखित आवेदन देने को कहा गया है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गोपालगंज में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच इस वारदात ने सीमावर्ती और सुनसान इलाकों में रात के समय पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




