PATNA: पटना के बाढ़ अनुमंडल के घोसवरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को पिस्टल और 40 जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मंगलवार रात गोसाई गांव में छापेमारी की। इस दौरान कुख्यात अपराधी बबलू यादव के घर पर तलाशी ली गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बबलू यादव के भाई चुलबुल यादव को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके घर से एक पिस्टल और 40 जिंदा गोलियां बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक यह हथियार और गोलियां बबलू यादव ने अपने प्रतिद्वंदियों पर हमला करने के लिए मंगाई थीं।
बताया जाता है कि बबलू यादव इलाके का कुख्यात अपराधी है और फिलहाल जेल में बंद है। क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर लगातार घटनाएं हो रही थीं, जिसके मद्देनजर पुलिस को इसकी सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और हथियारों के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





