Hindi News / crime / बिहार में बालू माफिया पर शिकंजा: अवैध खनन के खिलाफ पुलिस की छापेमारी,...

बिहार में बालू माफिया पर शिकंजा: अवैध खनन के खिलाफ पुलिस की छापेमारी, 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

Bihar News: बिहार के गयाजी के बरैनी घाट पर पुलिस ने अवैध बालू खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने अवैध बालू खनन में लगे 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है. इस एक्शन से खनन माफिया में हड़कंप मच गया है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 17, 2026, 1:39:00 PM

Bihar News

पुलिस की छापेमारी से हड़कंप - फ़ोटो Reporter

Bihar News: बिहार के गयाजी में अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं पर शिकंजा कस दिया है। एसएसपी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।


बेलागंज थाना क्षेत्र के बरैनी घाट पर अचानक पुलिस टीम के पहुंचने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बालू खनन में जुटे कई लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए। इस कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी (विधि-व्यवस्था) रवि प्रकाश सिंह ने किया, जिनके साथ चंदौती, मेन थाना और पाई बिगहा थाना की पुलिस टीम भी मौजूद रही।


पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर ही अवैध खनन को रोक दिया और छापेमारी के दौरान बालू लदे 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। ये सभी वाहन घाट से निकलने की तैयारी में थे। अचानक हुई कार्रवाई से चालकों में भगदड़ मच गई और कई लोग वाहन छोड़कर भाग निकले।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए सभी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, वाहन मालिकों और इस अवैध धंधे में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है। बरैनी घाट पर लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। 


इस कार्रवाई के बाद बालू माफियाओं में डर का माहौल है और घाटों पर गतिविधियां अचानक धीमी पड़ गई हैं। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और जहां भी शिकायत मिलेगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी