1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 25, 2026, 12:08:15 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के गया जिले में पुलिस ने रंगदारी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए त्वरित कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने रामपुर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।
यह मामला 15 अप्रैल 2026 का है, जब एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके मोबाइल पर कॉल कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस पर रामपुर थाना में कांड संख्या-221/28 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और डीएसपी नगर-02 के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में रामपुर और इमामगंज थाना की पुलिस के साथ तकनीकी शाखा के अधिकारी भी शामिल थे।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि इसी मोबाइल नंबर से इमामगंज में एक ज्वेलर्स से 20 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी गई थी। इस संबंध में इमामगंज थाना में अलग से मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने सबसे पहले शेरघाटी थाना क्षेत्र के अनतबिगहा सिताबकला निवासी सुबोध कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मोबाइल और सिम कार्ड विकास कुमार को देने की बात कबूली। इसके बाद गुलजार बिगहा में छापेमारी कर विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से सिम कार्ड बरामद हुआ। आगे की पूछताछ में उसने मोबाइल संजीत कुमार को देने की जानकारी दी।
अंततः पुलिस ने इमामगंज बाजार स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी कर संजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।
रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी